
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत बबई रोड एल 3 निवासी टाटा स्टील कर्मी श्रीनिवास राव के पुत्र हर्षित भार्गव के गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने दर्ज कराई थी जो झूठी निकली।
बिष्टुपुर पुलिस ने रविवार शाम हर्षित के परिजनों को जानकारी देकर उसके घर से पूछताछ के लिए उठाया था, जिसके बाद परिजनों ने हर्षित की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में बिष्टुपुर थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिन्हा ने बताया कि हर्षित को किसी मामले में पूछताछ के लिए रविवार देर शाम को उसके घर से उठाया गया था जिसके बाद उसे घर वापस छोड़ दिया गया। वहीं इस मामले में जब हर्षित के घर वाले से पूछताछ करने की कोशिश की गई तो उन्होंने बात करने से साफ इनकार कर दिया। श्रीनिवास राव ने गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट क्यों दर्ज कराई इसकी जानकारी पुलिस को भी नहीं है।







