
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत अपेक्स अस्पताल के पास मंगलवार शाम देव नगर निवासी मनीषा कुमारी से पर्स छीन कर भाग रहे दो बाइक सवार बदमाशों को स्थानीय लोगों ने पकड़ा। हालांकि उनमें से एक बदमाश भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पास खड़े पीसीआर वाहन ने युवक की तलाशी ली तो युवक के पास से महिला का पर्स बरामद किया गया। इस मामले में मनीषा कुमारी के बयान पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मनीषा ने बताया कि वह डिमना स्थित अपने कार्यालय से काम कर वापस लौट रही थी। शाम करीब 7:00 बजे वह एमजीएम अस्पताल गोलचक्कर के पास उतरी। वहां से पैदल ही अपने घर की ओर जा रही थी, पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और उसका पर छीनकर भागने लगे। उसके चिल्लाने पर स्थानीय लोगों ने बदमाशों को पकड़ा। पकड़े गए युवक का नाम परमजीत सिंह है वह गोविंदपुर का रहने वाला है। वहीं भागने वाला युवक गोलमुरी निवासी सतनाम सिंह है। पुलिस को पूछताछ में परमजीत ने बताया कि शाम साढ़े पांच बजे दोनों ने सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बिरसा नगर चौक के पास एक महिला से बैग छीना था। पुलिस ने उस महिला का भी बैग बरामद कर लिया है। परमजीत ने इसके पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है।







