
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह स्थित राहरगोड़ा निवासी शिव प्रसाद उर्फ राजेश बीते एक माह से गायब है. इस मामले में शिव के परिजनों ने बुधवार को जमशेदपुर के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम एक पत्र सौंपा. शिव की मां राधिका देवी ने बहू चांदनी पर शक जताते हुए कहा कि बहू द्वारा बेटे को बहुत प्रताड़ित किया जाता था, जिस कारण वह परेशान रहा करता था. उन्होने बताया की उनका बेटा तलाकशुदा है. साल 2018 में धनबाद की रहने वाली चांदनी, जो की तलाकशुदा है, से मंदिर में रीति-रिवाज के साथ शादी हुई थी. उस वक्त चांदनी ने कहा था कि पूर्व से उसकी एक बेटी है पर बाद में जानकारी हुई कि उसे एक और बेटी है, जिसे उसने छुपाकर रखा था.
शादी के बाद से ही वह बेटे शिव को प्रताड़ित किया करती थी. बाद में दोनों अलग होकर किराए के मकान में रहने लगे. बेटा घर आकर सारी बातें बताता था. बहू चांदनी हमेशा दहेज प्रताड़ना में फंसा देने की धमकी देती थी. एक माह पहले अचानक से शिव गायब हो गया. गायब होने के बाद बहू चांदनी भी अपनी चार माह की एक बेटी को घर में छोड़कर किराए के मकान में अलग रह रही है. राधिका देवी ने अपनी बहू पर शक जताया है कि बहू द्वारा ही बेटे को गायब कर दिया गया है और संभव है कि उनके बेटे को मार डाला हो. उन्होने मुख्यमंत्री से मामले की जांच सीआईडी से करवाने की मांग की है.







