चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त अरवा राजकमल के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन के द्वारा सदर चाईबासा प्रखंड अंतर्गत पोषक लड्डू वितरण के लिए चयनित 10 आंगनबाड़ी केंद्रों में से दो केंद्रों का मंगलवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त के द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत सेविका एवं सहायिका से मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों में उपलब्ध सामग्रियों के साथ-साथ अध्यनरत बच्चों एवं उनके बौद्धिक विकास से संबंधित बिंदुओं पर पूछताछ करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। ज्ञातव्य है कि इन आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रयोग के तौर पर बच्चों के समग्र शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के लिए पोषक लड्डू वितरण करने की योजना जिला प्रशासन के द्वारा बनायी गयी है।
इस संबंध में उप विकास आयुक्त के द्वारा बताया गया कि उपायुक्त के निर्देशन में जिला प्रशासन के द्वारा बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलवाने हेतु सदर प्रखंड अंतर्गत 10 मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रयोग के रूप में पोषक लड्डू वितरण करने के लिए इन्हें चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि पोषक लड्डू वितरण से पूर्व केंद्रों की बारीकी से जांच करते हुए व्याप्त खामियों को दूर करने के उद्देश्य से प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी सह प्रभारी चिकित्सक कुपोषण उपचार केंद्र जगन्नाथ हेंब्रम के साथ निरीक्षण किया गया है।
लड्डू वितरण से पूर्व चयनित सभी केंद्रों पर आधारभूत एवं मूलभूत सुविधाएं कराई जाएंगी उपलब्ध
डीडीसी के द्वारा जानकारी दी गई कि जिला प्रशासन के द्वारा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आवश्यक सभी मूलभूत एवं आधारभूत सुविधा उपलब्ध करवाते हुए पोषक लड्डू का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।पोषक लड्डू वितरण के 2 माह उपरांत बच्चों के शारीरिक, बौद्धिक विकास का मूल्यांकन किया जाएगा तदुपरांत इसे जिले अंतर्गत अन्य आंगनवाड़ी केंद्रों में वितरित करने की योजना बनाई जाएगी।केंद्र की सहायिकाओं के द्वारा किचेन गार्डन के निर्माण हेतु कृषि यंत्र की मांग की गई है, जिसे कल उपलब्ध करवा दिया जायेगा।
इन आंगनबाड़ी केंद्रों पर किया जाएगा पोषक लड्डू का वितरण
सदर प्रखंड अंतर्गत तमालबांध पंचायत के तीन केंद्र तमालबांध (ए), सिकुरसाईं, तोलगोयसाईं, मतकमहातु पंचायत के मतकमहातु(डी), हरिला पंचायत के तीन केंद्र गितिलिपी, किड़ीगोट, सिंहपोखरिया, लुपुंगुटू पंचायत के दो केंद्र लुपुंगुटू एवं पाताहातू तथा डिलियामार्चा पंचायत का एक केंद्र स्टेशन कॉलोनी को पोषक लड्डू वितरण के लिए चयनित किया गया है।







