
जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाह्नन पर रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जनता कर्फ़्यू को सफ़ल बनाने में योगदान सुनिश्चित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने इसके लिए दो दिन पूर्व ही पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता के नाम संदेश सार्वजनिक करते हुए लोगों से अपने घरों में रहने का आग्रह किया था ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण और प्रभाव को क्षीण किया था सके। वहीं पीएम के आग्रह अनुसार भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आवश्यक सेवाओं में जुटे स्वास्थ्य कर्मियों, चिकित्सकों, प्रशासन, पुलिस कर्मियों, मीडिया प्रतिनिधियों, सुरक्षा बल, सफ़ाई कर्मियों के सम्मान और उत्साहवर्धन के लिए अपने घरों से शंखनाद करने अथवा तालियाँ, थाली बजाकर कृतज्ञता व्यक्त करने का निवेदन किया था। रविवार शाम पाँच बजे से पार्टी कार्यकर्ताओं ने शंखनाद और तालियाँ बजाकर अति आवश्यक सेवाओं में जुटे लोगों का सम्मान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों को सराहा। साथ ही जमशेदपुर जिला प्रशासन के युद्धस्तरीय प्रयास और समन्वय को सराहा। भारतीय जनता पार्टी ने सर्वसाधारण से आग्रह किया कि आगामी कुछ दिनों तक आवश्यकता नहीं होने पर घरों से निकलने में परहेज़ करें। वहीं दुकानों से राशन स्टॉक करने वाले लोगों से भी संयम रखने का आग्रह किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने साधन संपन्न लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि अपने आस पास के अभिवंचित, आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवार की मदद को आगे आएं।







