जमशेदपुर : झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का जबरदस्त असर देखने को मिला. कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए पूरा विश्व एकजुट हो रहा है. इधर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद रविवार को जहां सुबह से ही जनता कर्फ्यू का नजारा देखने को मिला.
वहीं जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में लोग सुबह से ही अपने घरों में दुबके रहे. उधर शाम 5:00 बजते ही पीएम मोदी के आह्वान के अनुसार लोग अपने घरों से निकले और पीएम मोदी के आह्वान के अनुसार ताली बजाकर और शंख, घड़ियाल आदि बजाकर इस अभियान से जुड़े स्वास्थ्य कर्मियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों का स्वागत करते नजर आए.
टाटा स्टील के भीतर की कैंटीन में भी कर्मचारियों ने सबका अभिनंदन किया और कोरोना वायरस को भगाने के लिए मंगलकामना की. स्वास्थ्यकर्मियों, मीडियाकर्मियों, पुलिस और प्रशासन से जुड़े लोगों, होम डिलीवरी करने वाले लोगों के सम्मान में यह घंटा-घड़ियाल लोगों ने बजाये. इस बहाने पूरा देश एकसूत्र में पिरोया हुआ नजर आया.
घरों के बाहर निकलकर लोग बालकोनी में कर्फ्यू की इस शांति को लोगों ने तोड़ दिया और कोरोना वायरस को भगाने में मदद करने वाले लोगों की सराहना की. इस दौरान लोगों में गजब का जोश दिखा. महिलाओं से लेकर पुरुषों तक ने इसमें हिस्सा लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया.








