
जमशेदपुर : जमशेदपुर मोटर डीलर्स एसोसिएशन के लोगों ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से मुलाकात की. इन लोगों ने राज्य सरकार से मांग की है कि राज्य में स्पेयर पार्टस और सर्विस सेंटरों को भी खोलने की इजाजत दें. इसको लेकर राज्य सरकार द्वारा दिये गये रियायतों में इस सेक्टर को रियायत नहीं देने से काफी प रेशानी का सामना करना पड़ रहा है जबकि कई गाड़ियां सड़कों पर चल रही है. पहले से ही ऑटो सेक्टर काफी बदहाल है. ऐसे में जरूरी है कि वाहनों की रिपेयरिंग भी हो. दो माह से लॉकडाउन में गाड़ियों को बनाने के लिए भी लोग परेशान है जबकि खुद सरकारी गाड़ियों की भी रिपेयरिंग की जरूरत होगी. ऐसे में सबके रोजी-रोजगार को दिलाने के लिए मोटर पार्टस, मोटर गाड़ियों और कार के शो रूम से लेकर तमाम तरह के गाड़ियों से संबंधित व्यवसाय को करने की इजाजत दी जाये. इन लोगों की बातों को सुनने के बाद मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि वे राज्य सरकार के स्तर पर बातचीत करेंगे, जिसके बाद फैसला लिया जायेगा. जमशेदपुर मोटर डीलर्स एसोसिएशन के इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अध्यक्ष विजय चंद्र झा ने किया. इस दौरान कई सारी परेशानियों को दूर करने का आश्वासन भी मंत्री ने दिया. इस प्रतिनिधिमंडल में में अध्यक्ष विजय झा, महासचिव मनीष सचदेव, कोषाध्यक्ष निर्मल अग्रवाल, उपाध्यक्ष किरीट उड़ानी, सदस्य हितेश रंपरा, राकेश मेघानी, आशीष अडेसरा, अजीत सिंह समेत अन्य लोग शामिल थे.







