
जमशेदपुर : झारखंड सरकार ने लॉकडाउन में राहत दे दी है, लेकिन इसमें सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करना अनिवार्य है. इसका बेजां इस्तेमाल करते हुए मंगलवार को जमशेदपुर के साकची बाजार में दुकानदारों ने मंगला हाट लगा दी. इस मंगला हाट की खबर मिलते ही आनन-फानन में पुलिस बलों के साथ सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट और एसडीओ समेत तमाम पदाधिकारी पहुंचे.

इन लोगों ने वहां आते ही सबसे पहले सामानों को जब्त करना शुरू किया और सबको बसों में भरकर गिरफ्तार कर साकची थाना ले गये. इन सारे लोगों द्वारा मंगलवार को जैसे सामान्य तौर पर मंगला हाट लगता था, उसी तरह सड़कों पर लगा दिया गया था. पूरे बाजार के रास्ते को बंद कर दिया गया था और सड़कों पर दुकानें सज गयी थी.
सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ायी जा रही थी तो मास्क तक लोग नहीं पहने थे. ऐसे में पुलिस ने सभी के खिलाफ कार्रवाई की. इस दौरान सिटी एसपी ने साफ तौर पर कह दिया है कि किसी को बिना मास्क पहनने देखते ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
राज्य सरकार का जो गाइडलाइन है, उसका ही अनुपालन कराया जायेगा. बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन हर हाल में कराया जायेगा.







