
जमशेदपुर : वैश्विक महामारी के दौर में आर्थिक रूप से कमजोर हो चुके स्ट्रीट वेंडरों को पुनर्वासित किए जाने को लेकर केंद्र सरकार की ओर से आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिये जाने की घोषणा की गयी है. उधर जमशेदपुर में संयुक्त युवा संघ की ओर से सरकार द्वारा दी जा रही इस सुविधा की सराहना करते हुए योजना की राशि 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किए जाने की मांग की गई है. जिला मुख्यालय पहुंचे संघ के सदस्यों ने जिले के उपायुक्त को इस संबंध में एक मांग पत्र सौंपा, जिसके तहत उन्होंने जिले के उपायुक्त से मांग की है कि समय की मांग और महंगाई को देखते हुए स्ट्रीट वेंडरों को 25 हजार रुपये का ऋण मुहैया कराया जाये, ताकि लॉकडाउन के कारण ठप पड़े रोजगार को ये वेंडर फिर से पटरी पर ला सकें. ज्ञापन सौंपनेवाले प्रतिनिधिमंडल में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल, धीर चौधरी, देवेश शक्ला, अरुण दुबे, पप्पू केसरी, लालजी सुमन दास, विक्की तारवे, सनोज कुमार, उपेंद्र सिंह, जयशंकर प्रसाद केसरी, लक्ष्मण साहू, रघुनंदन साहू लालजी, संदीप कुमार समेत अन्य सदस्य शामिल थे.







