
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत के तड़ंगा गांव के कालिंदी टोला के ग्रामीण गुरुवार को जन प्रतिनिधियों की उपेक्षा से तंग आकर खुद ही बोतल में गंदा पानी भरकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे. वहां उन्होंने नपं के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी जयप्रकाश करमाली को अपनी समस्या से अवगत कराया. ग्रामीण पुरुष और महिलाओं ने कहा कि टोला में 15 परिवार रहते हैं. टोला में एक मात्र कुआं है, जो जर्जर हो चुका है और कुंआ का पानी भी गंदा हो चुका है. कहा कि चापाकल से भी गंदा पानी निकल रहा है. ग्रामीण कुआं का पानी छानकर पी रहे है. गंदा पानी पीने से कभी-कभी पेट दर्द भी होता है. ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने कई बार नगर पंचायत के जन प्रतिनिधियों से कुआं में ब्लीचिंग पाउडर डालने और जर्जर कुंआ की मरम्मत करने की मांग की है, परंतु किसी ने भी अबतक पहल नहीं की है. टोला के ग्रामीणों में जन प्रतिनिधियों के खिलाफ रोष है. लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार नगर पंचायत चुनाव में वोट मांगने पहुंचने पर नेताओं को सबक सिखायेंगे. ग्रामीणों की समस्या से अवगत होकर नपं के कार्यपालक पदाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही विभाग द्वारा उचित पहल की जाएगी. उसके बाद ग्रामीण शांत हुए व लौटे.







