
रांची : राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या इस कदर बढ़ रही है कि अब तो अस्पतालों में भी बेड कम पड़ने लगे हैं. जमशेदपुर के टीएमएच का कोविड वार्ड फुल होने के बाद अब रांची स्थित रिम्स में बने कोविड वार्ड भी फुल होन चुका है. शुक्रवार को यह बात प्रकाश में आयी, जब कोरोना से ग्रसित चार मरीजों को वार्ड के गेट पर ही इंजार करना पड़ा. जानकारी के अनुसार कोरोना संक्रमित के रूप में पहचान होने के बाद चार मरीजों को रिम्स लाया गया. लेकिन उन्हें रिम्स के कोविड वार्ड के गेट पर ही रुकना पड़ा. वहां घंटे भर से अधिक इंतजार करना पड़ा. इसकी वजह वार्ड में बेड फुल बतायी गयी. बताया जाता है कि जिन चार कोरोना संक्रमित मरीजों को वार्ड में लाया गया था, उनमें एक चान्हो निवासी 21 वर्षीय युवक है. वह किडनी के रोग से ग्रसित व डायलेसिस का मरीज है. इसके अलावा जिन तीन मरीजों को लाया गया था, उनमें से एक होटवार जेल में तैनात पुलिसकर्मी तथा दो रिम्स के कैदी वार्ड में तैनात पुलिसकर्मी शामिल थे.






