
जमशेदपुर : उपायुक्त सूरज कुमार के निर्देश पर सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी को प्रत्येक सप्ताह में दो दिन (बुधवार व गुरुवार) मनरेगा योजनाओं का स्थल भ्रमण करना है। इसी क्रम में गुरुवार को वरीय प्रभारी सह कार्यपालक पदाधिकारी मानगो नगर निगम रविन्द्र गगरई ने मुसाबनी प्रखंड के गोहला ग्राम में शंख नदी पुलिया से स्नान घाट तक सड़क किनारे बागवानी तथा पूर्वी बादिया ग्राम के कापरा टुडू की जमीन पर मिश्रित बागवानी सहित विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया. श्री गगरई ने मजदूरों को कार्य स्थल पर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन, मास्क का प्रयोग करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होने मजदूरों के पास जॉब कार्ड है या नहीं इसकी जानकारी प्राप्त की. वरीय प्रभारी ने प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, कनीय अभियंता (मनरेगा) को किसी भी योजना में मशीन का प्रयोग न हो यह सुनिश्चित करने तथा पंचायतों में अनिवार्य रूप से रोजगार दिवस के आयोजन का भी निर्देश दिया.







