
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह द्वारा शनिवार को जेसीबी लगाकर गदड़ा नाला की सफाई करायी गई. सवा महीने के भीतर यह दूसरा मौका है, जब नाले की सफाई करानी पड़ी है. फ्लाई ऐश तथा कई प्रकार के कचरे के बहाव के कारण यह नाला अक्सर जाम हो जाता है और इसका गंदा पानी गदड़ा-गोविंदपुर मुख्य सड़क पर बहने लगता है, जिससे नारकीय स्थिति पैदा हो जाती है. बरसात के ठीक पहले इस नाला को श्री सिंह द्वारा साफ कराया गया था. करीब एक वर्ष पूर्व भी राजकुमार सिंह के प्रयास से विशेष प्रमंडल द्वारा नाले की ऊंचाई बढाने के लिए लगभग 40 लाख रुपये का प्राक्कलन बनवा कर भेजा गया था, किंतु कोविड-19 महामारी के कारण इसमें विशेष प्रगति नहीं हो पाई. श्री सिंह ने कहा है कि स्थिति सामान्य होने के बाद वह पुनः उपायुक्त से मिलकर इसके निर्माण हेतु प्रयास करेंगे, ताकि नाले के बार-बार जाम होने की समस्या न उत्पन्न हो. नाला की सफाई का कार्य श्री सिंह के साथ ही महेंद्र यादव, अनूप, शिव हांसदा, विजय आर आदि की देखरेख में किया गया.








