
सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं को लेकर सरायकेला खरसावां कांग्रेस की ओर से जारी पदयात्रा गुरुवार से पुनः शुरू हुई. इस दौरान कांग्रेसियों ने वार्ड 12, 14, 13 एवं 22 में पदयात्रा कर जनता को जागरूक करते हुए आगामी चार दिसम्बर को निगम कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित अनिश्चितकालीन महा धरना में शामिल होने की अपील की. आपको बता दें, कि सरायकेला- खरसावां जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सांसद प्रतिनिधि मुन्ना शर्मा के नेतृत्व में पूरे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी 35 वार्डों में पदयात्रा कार्यक्रम चलाया जा रहा है. मंगलवार से यह कार्यक्रम शुरू हुआ, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अहमद पटेल की आकस्मिक मौत के बाद बुधवार को कांग्रेसियों ने पदयात्रा कार्यक्रम स्थगित कर दिया था. वही एक बार फिर से गुरुवार को इस अभियान की शुरुआत पूरे जोर-शोर से कांग्रेसियों ने कर दी है. वैसे कांग्रेसियों के इस अभियान को अब जनता का भी साथ मिलने लगा है. जनता कांग्रेसियों के इस अभियान में खुलकर सामने आने लगी हैं. कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे कांग्रेसी नेता मुन्ना शर्मा ने बताया कि नर्क में तब्दील हो चुके आदित्यपुर नगर निगम को नरक से मुक्ति दिलाना ही कांग्रेस का अभियान है. इसमें जितनी समस्याएं आएंगी वे अब पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे. क्षेत्र की जनता त्राहिमाम कर रही है, और नगर निगम प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है. उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर को होने वाला अनिश्चितकालीन धरना ऐतिहासिक होगा. इसके लिए जनता भी कमर कस चुकी है.




