
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के नदीसाई पंचायत अंतर्गत घाघारी गांव की 8 वर्षीय बच्ची की एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार रात करीब 10 बजे मौत हो गई. बच्ची पिछले करीब एक सप्ताह से तेज बुखार से पीड़ित थी. परिजनों के अनुसार, बच्ची के पिता मागरा मुंडा ने बताया कि उनकी पांच संतानों (चार बेटियां और एक बेटा) में वह तीसरी संतान थी. (नीचे देखे पूरी खबर)
शुरुआत में गांव के स्थानीय चिकित्सक से इलाज कराया गया, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं होने पर बुधवार दोपहर उसे पातकुम स्थित ईचागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया. सीएचसी में जांच के दौरान बच्ची में मलेरिया की पुष्टि हुई. हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे तत्काल एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया. बुधवार शाम उसे एमजीएम अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां से पीआईसीयू (बाल गहन चिकित्सा इकाई) में इलाज शुरू किया गया. लगातार उपचार के बावजूद बच्ची की हालत में सुधार नहीं हुआ और शुक्रवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद रात करीब 11 बजे परिजन बच्ची का शव लेकर अपने गांव लौट गए.




