
विनय कुमार सिन्हा की रिपोर्ट
टंडवा:हजारीबाग और चतरा जिले के सीमाओं में स्थित कबरा पंचायत का एक गांव उरदा ऐतिहासिक धरोहर के नाम से जाना जाता है. एनटीपीसी के चट्टी बारियातू और केरेडारी कोल माइंस के द्वारा उरदा के कुछ भू-भाग अधिग्रहित होने के बाद इस गांव का नाम अचानक सुर्खियों में आया है. जानकारों की मानें तो लगभग 700 साल पहले रामगढ़ राज का पहला राजधानी था उरदा गांव, जो चतरा जिले के टंडवा अंचल में पड़ता है. इतिहास के पन्नों को पलटे तो 1368 ई में राजा बाघदेव सिंह अपने राजपाट का संचालन इसी गांव से करते थे. जिस किला में राजा और उनका परिवार रहता था उस किला का अवशेष आज भी विद्यमान है. लगभग एक एकड़ में फैले उस किला के अंदर एक कुआं और पीपल का पेड़ आज भी है. गांव के पारा शिक्षक कृष्णा राम कहते हैं कि इनके वंशज सौरभ नारायण सिंह जब विधायक बने थे तो वे उस गांव का दौरा किये और उस किला स्थल का अवलोकन किया. साहित्यकार बिनोद राज विद्रोही कहते हैं कि राजा बाघदेव सिंह और उनके भाई सिंहदेव सिंह दोनों सर्वप्रथम उरदा गांव आये थे. लगभग 300 सालों तक इसी किले में राजाओं के वंशज राजपाट किया करते थे. ये राजा कहां से आये थे, इसकी जानकारी तो नहीं मिली पर 1672 में यहां के बाद राजा दलेल सिंह हजारीबाग जिले के बादम को अपना राजधानी बना लिया था. उरदा गांव के बगल में रहने वाले सिसई गांव निवासी सह सांसद प्रतिनिधि ईश्वर पांडेय कहते हैं कि इस धरोहर को संरक्षण और विकसित करने पर पर्यटन की असीम संभवनाएं बनेंगी. इस गांव के अधिकांश लोग खेती कर जीविकोपार्जन चलाते है. वहीं एक वर्ग बांस के सुप और दऊरा बनाकर दो जून की रोटी जुगाड़ करते हैं. (नीचे पढ़ें पूरी स्टोरी)

खुदायी के दौरान 1984 में मिले थे सोने की भंडारण
ग्रामीणों के अनुसार गांव के खैंटा तुरी 1984 में राजा के किला के बगल में अपना घर बना रहा था. इसी दौरान खुदायी करने पर सोने की भंडारण मिली थी. इसकी सूचना आग की तरह फैली. बताया गया कि इस घटना के दूसरी रात अपराधियों ने खैंटा तूरी की हत्या कर सोने की जेवरात लूट कर भाग गये थे. इसकी पुष्टि स्कूल के पारा टीचर कृष्णा राम करते हुए कहते हैं कि यहां का सोना जिसने पाया या तो मारा गया या फिर पागल हो गया. गांव वालों की मानें तो राजा के भंडारण की खुदाई हो तो आज भी सोना-चांदी की अपार भंडारण मिलेगा, पर गांव वाले भय व डर से कभी इस किला की ओर कदम नहीं बढ़ाते. विज्ञान भले हीं झुठ पकड़ने की मशीन अब बनायी हो पर पिछले 600 सालों से उरदा गांव का एक स्थान है जो उरदा भंडार के नाम से जाना जाता है जहां आज भी उस स्थान तक पहुंचते हीं लोग सच बोलने लगते हैं. उस स्थल का पिछले 40 साल से पूजा कर रहे मुखलाल पाहन की मानें तो इस भू-खंड पर कभी राजा का ब्राहिल रहा करता था. सच कबूलवाने के लिए आज भी दिल्ली, रांची, तिलैया, हजारीबाग, टंडवा, केरेडारी के लोग आते है और झूठ से बेनकाब हो जाते हैं. जो सच नहीं बोलता उसकी मौत हो जाती है. लिहाजा आज भी गावों में चर्चा है कि तुम यदि सच बोल रहे हो तो चलो उरदा भंडारण में कसम खा लो. प्राचीन मेगालीथ और कर्णपुरा के ऐतिहासिक धरोहरों की खोजबीन करने वाले साहित्यकार बिनोद राज विद्रोही कहते है कि उरदा से आरंभ हुआ. राजाओं की राजपाट हजारीबाग के पदमा में समाप्त हुआ था, जिसके अंतिम राजा कामख्या नारायण सिंह थे. उन्होंने बताया कि उरदा के बाद बादम, रामगढ़, इचाक और अंतिम में पदमा बना था. रामगढ राजा द्वारा दिये जमीनों के कागजातों के आधार पर सीसीएल आज भी जमीन के बदले नौकरी दे रही है. बताया गया कि जिन-जिन गांवों में इनकी हूकूमत थी किसानों के पास आज भी कागजात विद्यमान है.















