
जमशेदपुर : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता और गुरुजी सह झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन करीब एक घंटे के लिए जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पर उतरे. उनका यहां आने पर मंत्री चंपई सोरेन ने स्वागत किया. एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वे सीधे सोनारी निवासी विजया समूह के मालिक फणिंद्र महतो के घर पर गये. जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. वे जब सोनारी एयरपोर्ट आये तो मीडियावालों ने वहां बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबियों ने बातचीत करने से सबको रोक दिया.
इस दौरान खुद गुरुजी शिबू सोरेन भी मीडिया से बातचीत करने से परहेज करते रहे. इसके बाद वे फणिंद्र महतो के घर पर गये. उनकी बेटी की शादी समारोह बुधवार को ही है. बेटी को आर्शीवाद देने के बाद वे वापस लौट गये. इस दौरान सड़कों पर यातायात पुलिस तैनात थी जबकि सुरक्षा के भी पुख्ता बंदोबस्त किये गये थे.
आपको बता दें कि फणिंद्र महतो के बेटे की शादी पूर्व उपमुख्यमंत्री सुधीर महतो और वर्तमान में ईंचागढ़ की विधायक सविता महतो की बेटी से भी हुई है. राजनीतिक तौर पर फणिंद्र महतो का झामुमो में अच्छी पकड़ भी रही है, जिस कारण भी गुरुजी को यहां आना अनिवार्य था. वे हेलीकॉप्टर से आने के बाद एक घंटे के बाद वापस लौट भी गये.



