
चाईबासा: जगन्नाथपुर थाना अंतर्गत पड़ने वाले जैंतगढ़ जगन्नाथपुर मुख्य मार्ग पर पोकाम गांव के तीखी मोड पर दो बाईकों की सीधी टक्कर मे कांग्रेसी नेता अक्षय प्रधान की मौत हो गई. वहीं दूसरी बाईक सवार स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फरार हो गया. घटना मंगलवार रात 8 बजे की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार बेलपोस निवासी अक्षय प्रधान ( 50 ) जैंतगढ़ से वापस बेलपोसी लौट रहे थे. तभी घर से मात्र 5 मिनट की दूरी पर पोकाम के एक तीखी मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रही बाईक से सीधी टक्कर हो गई. टक्कर के बाद अक्षय गिर पड़े व उनके नाक से खून बहने लगा और वे बेहोश हो गए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दूसरी बाईक सवार फरार हो गया. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए तुरंत क्योंझर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए कटक रेफर कर दिया. कटक ले जाने के क्रम में ही रास्ते मे दम तोड़ दिए. प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार विपरीत दिशा से आ रही बाइक पर पति पत्नी सवार थे तथा उनकी बाईक के पीछे गैस सिलेन्डर बंधा हुआ था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक अक्षय का सिर ज़ोर से सिलेन्डर से टकरा गया था जिससे उसके नाक से काफी मात्रा मे खून बहने लगा था. छाती मे भी गंभीर चोट आई थी. आशंका जताई जा रही है कि मृतक अक्षय प्रधान का ब्रेन गहरे चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई. हादसे की सूचना पाकर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा व जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू कार्यकर्ताओं के साथ अक्षय प्रधान के घर पहुंच कर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दिए. फिर उनका अंतिम संस्कार बुधवार को कर दिया गया.



