
जमशेदपुर : कांग्रेस पार्टी ने जमशेदपुर के बारीडीह और सिदगोड़ा बाजार में लगनेवाले डेली सब्जी मार्केट को व्यवस्थित करने और बिजली के नाम पर जुस्को द्वारा वसूली किये जाने पर लगाम कसने की मांग की है. इस संबंध में पार्टी की ओर से एक ज्ञापन भी जिले के उपायुक्त को सौंपा गया है. जानकारी देते हुए कांग्रेसी नेता संदीप सिन्हा चौधरी ने बताया कि दोनों मार्केटो में सब्जी विक्रेताओं का शोषण किया जा रहा है. जिला प्रशासन और जुस्को के अलावा लैंड एक्विजिशन विभाग भी इस मामले में गरीब सब्जी विक्रेताओं का साथ देने के बजाय स्थानीय दबंगों का साथ दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि जुस्को के बिजली के एवज में महज 3 घंटे के एवज में दुकानदारों से दस रुपए प्रति बल्ब लिया जाता है, जो बिल्कुल गलत है. उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर सब्जी विक्रेताओं की समस्या को गंभीरता से लेने की मांग की.






