
जमशेदपुर : जमशेदपुर के पूर्व सांसद स्वर्गीय सुनील महतो की आज जयंती है. पूर्व सांसद सुमन महतो ने कदमा स्थित अपने आवास पर सादगी पूर्ण तरीके से दिवंगत सांसद का जन्मदिन मनाते हुए उन्हें अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित किए. इससे पहले एक सर्वधर्म सभा का भी आयोजन किया गया. जिसमें दिवंगत सांसद की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई. इस मौके पर दिवंगत सांसद सुनील महतो की पत्नी और जमशेदपुर की पूर्व सांसद रही सुमन महतो ने बताया कि हर साल उनके दिवंगत पति की जयंती को काफी धूमधाम से मनाया जाता था, लेकिन कोरोना महामारी को देखते हुए इस साल छोटे पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किया गया है. वहीं शाम को झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की जयंती के मौके पर केक कटिंग का कार्यक्रम भी रखा गया है जिसकी तैयारी की जा रही है. गौरतलब है कि दिवंगत सांसद सुनील महतो और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन दोनों की जन्म तिथि 11 जनवरी है. जिसे पूर्व सांसद सुमन महतो बड़ी शिद्दत से आयोजित करती हैं.






