
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत गोविंदपुर गांव में सेफ्टी टैंक बनाने के दौरान दीवार गिरने से तीन मजदूर घायल हो गए. इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां एक महिला मजदूर की मौत हो गई. मृतका का नाम सुलोचना नायक (35) है, वह चाईबासा की रहने वाली है. वहीं घायलों में राजाराम मार्डी और सीता प्रमाणिक शामिल है. दोनों को हल्की चोटें आई है.

घटना के संबंध में घायल राजाराम ने बताया कि वे लोग गोविंदपुर गांव में एक सेफ्टी टैंक का निर्माण कर रहे थे, निर्माण कार्य के दौरान ही सेफ्टी टैंक की दीवार अचानक से उनके ऊपर गिर गई जिससे वे लोग दीवार के नीचे दब गए. आसपास के लोगों ने दीवार ईट को हटाकर उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए पहुंचाया जहां सुलोचना की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि वह लोग बिरंची नामक व्यक्ति के घर पर काम कर रहे थे. फिलहाल मृतका के शव को एमजीएम अस्पताल के शव गृह में रखा जा रहा है.







