
चाईबासा : सोमवार की रात जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तोड़ागहातु रेलवे फाटक स्थित तेंतड़ीपोसी के पास एक स्कूटी पेड़ से टक्करा जाने के कारण दो युवक घायल हो गये, जिसमें डीपासाई निवासी सोहन कुम्हार की घटनास्थल ही मौत हो गयी, जबकि सोनापोसी का बिक्की गोप नामक युवक बुरी तरह घायल हो गया। घायल बिक्की कि स्थिति नाजुक देखते हुए जगन्नाथपुर सीएचसी के प्रभारी डॉक्टर विकास माझी द्वारा बेहतर ईलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया है। वहीं घटना की सूचना पाते ही जगन्नाथपुर पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर घायल को अस्पताल पहुंचाया। मिली जानकारी के अनुसार डीपासाई का रहने वाला सोहन कुम्हार सोनापोसी के बिक्की गौप के साथ गोड़ियाडुबा में फुटबॉल मैच खेलने के लिए गया हुआ था। मैच खेल कर गोड़ियाडुबा से वापस दोनों युवक स्कूटी से घर लौट रहे थे। लौटने के क्रम में तोड़ागहातु रेलवे फाटक के पहले तेंतड़ोपोसी के पास सड़क किनारे बिजली का पोल गिराया गया था, जिसे ग्रामीणों द्वारा बिजली के पोल से जहां तहां बंफर बना दिये जाने के कारण आये दिन सड़क दुर्घटना हो रही है। जबकी बिजली विभाग अपने पोल को एकत्रित रखने की कोई उचित व्यवस्था नहीं कर रहा है। ज्ञात हो कि चाईबासा से सेरेंगसिया, कोचढ़ा होते हुए जगन्नाथपुर व जगन्नाथपुर से जैंतगढ़ मुख्यमार्ग पर जहां तहां बिजली के पोल से बना बंफर देखने को मिलता है।






