
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत धतकीडीह हरिजन बस्ती में लोगों के सब्र का बांध रविवार को टूट गया और हजारों की संख्या में मुखी समाज के अध्यक्ष सुरेश मुखी के नेतृत्व में बस्तीवासियों ने बिष्टुपुर थाने का घेराव कर दिया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे भी नजर आए. सभी 15 दिन पूर्व हुए बस्ती की महिला जूली घोष हत्याकांड मामले का खुलासा किए जाने और अपराधी को सलाखों के पीछे भेजे जाने की मांग कर करते नजर आए. उधर लोगों के आक्रोश को देखते हुए बिष्टुपुर थाना के आसपास भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई, और थाना का मुख्य गेट बंद कर दिया गया. नाराज बस्तीवासी थाना के समीप ही धरने पर बैठ गए. सभी एसएसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे.

गौरतलब है कि जूली घोष हत्याकांड मामले में शक के आधार पर बिष्टुपुर थाना पुलिस ने जूली घोष के भतीजे शुभम घोष उर्फ केरा को हिरासत में लिया है बस्ती वासियों का कहना है, कि केरा ने ही जूली घोष की हत्या की है. पुलिस शराब कारोबारी मुन्ना घोष के दबाव में आरोपी को जेल नहीं भेज रही है. बस्ती वासियों ने जूली घोष हत्याकांड के आईओ पर मुन्ना घोष से साठगांठ होने का आरोप लगाया. वहीं उन्होंने साफ कर दिया है, कि अगर 24 घंटे के भीतर आरोपी को सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता है, तो शहर के जितने भी हरिजन बस्ती के लोग हैं सभी को साथ लेकर जिला मुख्यालय का घेराव कर दिया जाएगा. इस दौरान बस्ती वासियों ने जमशेदपुर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गौरतलब है कि जूली घोष हत्याकांड के 15 दिनों बाद भी जमशेदपुर पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं. जिसको लेकर मुखी समाज गुस्से में है.



