
आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम की दसवीं बोर्ड बैठक शुक्रवार को संपन्न हुई. इस बैठक में 15वें वित्त आयोग एवं नगर विकास विभाग के मद, नागरिक सुविधा से संबंधित योजनाओं पर चर्चा की गई. जानकारी देते हुए नगर आयुक्त गिरजा शंकर प्रसाद ने बताया कि बोर्ड में सर्वसम्मति से निगम क्षेत्र के अंतर्गत डेली यूज़ के लिए आधारभूत संरचनाओं को अमलीजामा पहनाने की स्वीकृति बनी है. इसके तहत निगम क्षेत्र में पार्क निर्माण, जीर्ण शीर्ण पड़े पार्को के मरम्मती करण, निगम क्षेत्र में शवदाह गृह का निर्माण, जर्जर हो चुके सड़कों का निर्माण, नए सड़क आदि बनाने की योजना बोर्ड में सर्वसम्मति से पारित की गई. साथ ही सॉलि़ड वेस्ट मैनेजमेंट के निस्तारण को लेकर भी चर्चा की गई. इस दौरान नगर निगम के मेयर सहित सभी 35 वार्ड के पार्षद मौजूद रहे.





