
आदित्यपुर : बीते दिनों जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में राह चलती ऑटो में लड़कियों को जबरन बैठाने और छेड़खानी के मामले सामने आने के बाद जिला पुलिस और ऑटो संघ ने इसे गंभीरता से लिया है. इसे देखते हुए सभी ऑटो चालकों को नंबर प्रदान किया गया है, ताकि ऑटो की पहचान की जा सके. सरायकेला जिले में ऑटो में छेड़खानी और अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऑटो चालक संघ और जिला पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में ऑटो चालकों की पहचान किये जाने के उद्देश्य से सभी ऑटो में सीरियल नंबर लगाए गए हैं. अभियान की शुरुआत बुधवार को आदित्यपुर फुटबॉल मैदान से की गयी, जहां ऑटो चालक संघ के संरक्षक और भाजपा नेता गणेश महाली समेत आदित्यपुर थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से ऑटो पहचान के उद्देश्य से नंबर साटे जाने के अभियान की शुरुआत की. मौके पर मौजूद थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि विगत दिनों राह चलते लड़कियों को जबरन ऑटो में बैठाकर छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया गया था ,जिसके बाद ऑटो संघ के साथ मिलकर जिला पुलिस मुस्तैदी के साथ घटनाओं पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है, वहीं ऑटो चालक संघ के संरक्षक गणेश महाली ने बताया कि ऑटो चालकों को नंबर प्रदान किए जाने कि अभियान के तहत सभी का डाटा तैयार किया जा रहा है, ताकि सभी ऑटो चालकों की पहचान हो सके और प्रशासन के साथ मिलकर अपराध और छेड़खानी की घटना पर रोक लगाई जा सके. मौके पर संघ के अध्यक्ष संतोष मंडल समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे.





