
आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में जमालपुर स्थित मंगलम सिटी के पास एक ही प्लॉट पर दो लोगों की दावेदारी को लेकर झड़प हुई है. दोनों पक्षों ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत की है। मामला एक रिटायर्ड शिक्षक मुरारी प्रसाद सिंह और बिल्डर संजय महांती के बीच जमीन विवाद का है. सीओ कार्यालय गम्हरिया से प्राप्त जानकारी अनुसार जिस जमीन पर विवाद है उसका प्लॉट नंबर 13 और 14 है. जिसका मूल कागजात शिक्षक मुरारी प्रसाद सिंह के पास है. सीओ कार्यालय ने जमीन का सीमांकन कर शिक्षक को घेराबंदी का एनओसी भी दे दिया है, लेकिन इस बात से संजय महांती की पत्नी शिवानी महांती इनकार करती हैं और जमीन को अपना बताकर उसपर किसी तरह के कंस्ट्रक्शन नहीं करने दे रही हैं. पिछले दिनों पुलिस की मौजूदगी में जो चहारदीवारी शिक्षक मुरारी प्रसाद सिंह ने दी थी, उसे रात के अंधियारे में ढाह दिया गया है. इस बात को लेकर शिक्षक ने शिवानी महांती पर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई हैं. वहीं आज जब पुनः शिक्षक द्वारा चहारदीवारी देने मे काम शुरू कराया गया तो संजय महांती की पत्नी एवं अन्य कुछ लोगों ने विवाद खड़ा कर गाली गलौज करते हुए झड़प की और काम बंद करवा दिया है. बता दें कि संजय महांती इन दिनों खुद पर ही गोली चलवाकर फर्जी हमला कराने के आरोप में जेल में बंद हैं. अभी उनका सारा कामकाज पत्नी शिवानी महांती ही देख रही हैं. उनका कहना है, कि शिक्षक मुरारी प्रसाद जिस जमीन का कागजात लेकर यहां दावा कर रहे हैं वो जमीन इस प्लॉट का हिस्सा नहीं है, वे नक्शा के साथ सीमांकन करा लें तो उन्हें पता चल जाएगा. जिस जमीन की घेराबंदी करवा रहे हैं, वो उनके पति ने खरीदी है. आदित्यपुर पुलिस ने जमीन विवाद होने की स्थिति में मामला को अंचल कार्यालय गम्हरिया ट्रांसफर कर दिया है. सीओ ने दोनों पक्षों को शांति बनाये रखने की अपील करते हुए जमीन की मापी दोबारा कराने का आश्वासन दिया है.




