
सरायकेला : आदित्यपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के पूर्व उपाध्यक्ष और प्रसिद्ध समाजवादी नेता स्वर्गीय राम पारस सिन्हा की 9वी पुण्यतिथि का आयोजन आदित्यपुर विकास समिति के तत्वाधान में आयोजित किया गया, जहां मौजूद लोगों ने समाजवादी नेता स्वर्गीय राम पारस सिन्हा को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए.
समाजवाद के प्रहरी समाजवादी नेता राम पारस सिन्हा के 9 वी पुण्यतिथि के मौके पर श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम का आयोजन आदित्यपुर विकास समिति के तत्वाधान में कल्याण कुंज सभागार में आयोजित किया गया. जिसमें मौजूद आदित्यपुर के गणमान्य लोगों ने स्वर्गीय सिन्हा को नमन किया. कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राम पारस सिन्हा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की गई. श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह, सामाज विज्ञानी रवींद्रनाथ चौबे, राजद नेत्री शारदा देवी, प्रमोद मिश्रा मनमोहन सिंह राजपूत समेत अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए.
कार्यक्रम का संचालन आदित्यपुर विकास समिति के संरक्षक और नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने किया. इस मौके पर स्वर्गीय राम पारस सिन्हा द्वारा समाजवाद को स्थापित कर जन-जन तक समानांतर सामाजिक व्यवस्था स्थापित किए जाने के किए गए कार्यों को सराहा गया. मौके पर मौजूद पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने स्वर्गीय सिन्हा को याद करते हुए कहा कि सदा सत्य की राह पर चलकर समाज को एक नई दिशा प्रदान करने का कार्य स्वर्गीय राम पारस सिन्हा द्वारा किया गया जो कभी भुलाया नहीं जा सकता.


















