
जमशेदपुर: सीकेपी मंडल के डिवीजनल रेल मैनेजर( डीआरएम) विजय कुमार साहू बुधवार को अपने विशेष निरीक्षण यान ‘परख’ से टाटानगर स्टेशन पहुंचे. विशेष यान के पहुंचते ही तय कार्यक्रम के अनुसार टाटानगर के एरिया रेल मैनेजर विनोद कुमार सहित इंजीनियरिंग विभाग के कई अधिकारी निरीक्षण यान में प्रवेश किया, इसके बाद यान बादाम पहाड़ सेक्शन की ओर रवाना हो गयी. विदित हो कि टाटा- बादाम पहाड़ सेक्शन में 89 किलोमीटर लंबी रेल लाइन में विद्युतीकरण का काम किया जाना है.
इसमें करीब 55 किलोमीटर विद्युतीकरण का काम पूरा कर लिया गया है. पूर्व में डीआरएम ने घोषणा की थी कि जहां तक विद्युतीकरण का काम किया जा चुका है वहां वे 31 मार्च से पहले इलेक्टिक इंजन चलाएंगे. चुंकि इस सेक्शन में 55 किलोमीटर के परिधि में कुल छह स्टेशन आते है जहां पर यात्री परिचालन शुरु होगा. साथ ही साथ हल्दीपोखर में बने गुड्स शेड का जायजा लेंगे. रेलवे बोर्ड के नियमानुसार जिस रुट में इलेक्टिक इंजन चलेगी उस पर जोन के मुख्य परिचालन पदाधिकारी विद्युतीकरण काम की प्रगति की समीक्षा करेंगे इसके बाद ही परिचालन होगा. संभवत: गुरुवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य परिचालन पदाधिकारी प्रभास दरसाना बादाम पहाड़ सेक्शन के विद्युतीकरण काम की समीक्षा करने आ रहे है. इसलिए डीआरएम और उनकी टीम कार्यो के अंतिम रुप देने के लिए दौरा किया. ताकि मार्च महीने के अंत तक इस रुट पर इलेक्ट्रिक इंजन का परिचालन शुरु हो सके.





