
जमशेदपुर / आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित आरएसबी कंपनी की यूनिट-1 परिसर में कर्मचारी बीके झा की संदिग्ध मौत के मामले में कंपनी प्रबंधन का बयान आया है. घटना के प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार बीके झा ने छत से कूदकर आत्महत्या की है. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हर दिन की तरह बीके झा अपने काम पर आए थे. वह कंपनी के ऑफिस के दूसरे तल्ले पर स्थित आईटी के कार्यालय में प्रिंटर का समान लेने आए थे. उसके बाद वे छत के किनारे गए थे. उन्होंने रोका भी, पर वे छत ने नीचे कूद गए. कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए 12 बजे के लगभग टीएमएच पहुंचाया, जहां रात 8 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. उन्होंने ऐसा क्यों किया ये उन्हें नही पता. प्रबंधन ने बताया कि बीके झा उनकी कंपनी में काफी सालों से काम कर रहे थे. उन्होंने कभी किसी समस्या के बारे में कुछ नहीं बताया. इधर पुलिस ने शव को टीएमएच के शव गृह में रखवा दिया है. गुरुवार को पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवायेगी, जिसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जायेगा.






