
सरायकेला : उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं के कार्य प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान उप विकास आयुक्त ने योजनावर समीक्षा कर कार्य प्रगति की जानकारी ली. साथ ही निर्धारित लक्ष्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया. बैठक में मुख्यमंत्री सुकन्या योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं आंगनबाड़ी की समीक्षा की गयी. जिसमें मुख्यमंत्री सुकन्या योजना-100 फीसद मुख्यमंत्री कन्यादान योजना- 64 फीसद प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना- 94 फीसद पायी गयी. डीडीसी ने सभी सीडीपीओ को योजना अंतर्गत शेष बचे लक्ष्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निदेश दिया. उन्होंने विद्यालयों में विशेष कैम्प आयोजित कर योजनाओं की जानकारी देते हुए आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया. साथ ही विभिन्न माध्यमों से सम्बंधित क्षेत्र में जागरूकता उदेश्य से माताओं बच्चों के लिए संचालित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कराने की बात कही. कार्यालय स्तर पर सभी कर्मचारियों के साथ बैठक कर कार्य प्रगति की समीक्षा करने तथा सम्बंधित क्षेत्र में अधिक से अधिक सुपात्र लाभुकों को योजना से जोड़ कर लाभान्वित करने का निर्देश दिया. बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी एवं सभी सीडीपीओ उपस्थित थीं.






