
जमशेदपुर:जमशेदपुर के परसुडीह स्थित सदर अस्पताल के पास सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मामले में पुलिस ने गुरुवार सुबह चार आरोपियों को हिरासत में लिया है. इस मामले में पुलिस ने झामुमो महिला मंत्री सह पंचायत समिति सदस्य द्रौपदी मुंडा, उत्तरी कीताडीह पंचायत की मुखिया रीना जरिका, ग्राम प्रधान नरेश जरिका और सुमित्रा डाडेल शामिल है. इन पर सरकारी जमीन अतिक्रमण के लिए लोगों को उकसाने का आरोप है. इधर गुरुवार को ही झामुमो के प्रखंड समिति सदस्य एसएसपी से मिलने पहुंचे और गिरफ्तारी का विरोध जताया. उन्होंने बताया कि घटना के बाद द्रौपदी मुंडा द्वारा परसुडीह थाना में अतिक्रमण का आवेदन दिया गया था. जिला प्रशासन के कहने पर कब्जा करने वाले लोगों को समझाया गया था. जिसके बाद स्थानीय लोग वहां से हट गए थे. पर शहर के बाहर से आए लोग वहां से हटने को तैयार नहीं है. इसी मामले को लेकर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार किया है. इस गिरफ्तारी से राज्य सरकार और पार्टी की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने एसएसपी से अपील की है कि मामले की निष्पक्ष रुप से जांच की जाए.



