
जमशेदपुर : जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम जिला) के उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सूरज कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एम तमिल वणन द्वारा पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में विधि व्यवस्था के संधारण हेतु दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तीन पालियों में की गई है. संयुक्त आदेश में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हेतु आठ चरणों में चुनाव की घोषणा निर्वाचन आयोग द्वारा की गई है. प्रथम चरण का चुनाव 27 मार्च, दूसरा चरण 1 अप्रैल, तीसरा चरण 6 अप्रैल, चौथा चरण 10 अप्रैल, पांचवां चरण 17 अप्रैल, छठा चरण 22 अप्रैल, सातवां चरण 26 अप्रैल व आठवां चरण 29 अप्रैल को निर्धारित की गई है. मतदान के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में आसामाजिक तत्वों के द्वारा निर्वाचन कार्य में व्यवधान डालने की संभावना को ध्यान में रखते हुए शांति एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु दिनांक 26 मार्च से अगले आदेश तक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल को प्रतिनियुक्त किया गया है. सभी को निदेशित किया गया है कि निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन के आलोक में आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच करेंगे. इस दौरान कोविड-19 के मद्देनजर मुख्य सचिव, झारखंड द्वारा जारी अनलॉक के लिए दिशा-निर्देश का अनुपालन भी सुनिश्चित करायेंगे.
सीमावर्ती क्षेत्र में कुल 5 चेकपोस्ट बनाते हुए 15 दंडाधिकारी एव थाना स्तर से पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, चेक पोस्ट के नाम निम्नवत हैं-
प्रखंड, थाना का नाम एवं चेकपोस्ट (नीचे पूरी खबर पढ़ें)
- पटमदा, कमलपुर- कटिंग चौक चेक पोस्ट(बाकुड़ा रोड)
- घाटशिला- केशरपुर चेकपोस्ट पंचायत बागुड़िया
- चाकुलिया- बेन्द सड़क चेक पोस्ट
- बहरागोड़ा, बरसोल- दारिसोल चेक पोस्ट (बंगाल रोड)
- बोड़ाम- बड़ा सुसनी चेकपोस्ट
उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी संयुक्त आदेश में निदेशित किया गया है कि- - प्रत्येक चरणों में निर्धारित मतदान की तिथि से 48 घंटे पूर्व से चेकपोस्ट कार्यरत रहेगा तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी निदेश का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे.
- उपरोक्त चेकपोस्ट पर किए जा रहे कार्य का निरीक्षण एवं अनुश्रवण संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी तथा पुलिस उपाधीक्षक करेंगे.
इस दौरान विधि व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम एवं घाटशिला तथा संबंधित पुलिस उपाधीक्षक रहेंगे.





