
जमशेदपुर : मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है. इसके साथ ही दिनों-दिन बढ़ती गर्मी का अहसास होने लगा है. साथ में उमस भी उपस्थिति दर्ज करा रही है दिन में चिलचिलाती धूप, तो रात में थोड़ी उमस ने परेशान करना शुरू कर दिया है. इस उतार चढ़ाव के बीच मौसम विभाग ने अगले एक दो दिनों के दौरान तापमान में आंशिक वृद्धि की संभावना जतायी है. हालांकि विभाग का पूर्वानुमान है कि मौसम के मिजाज में खासा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इस बीच शुक्रवार को पारा (तापमान) 39 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. शुक्रवार को पूरे झारखंड में जमशेदपुर व सरायकेला-खरसावां जिले में तापमान सबसे अधिक रहने की संभावना है. कल दिन में चिलचिलाती धूप के बाद रात के तापमान में गिरावट हो सकती है. गुरुवार को जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 37.9 तथा न्यूनतम 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं जमशेदपुर में पिछले पिछले पांच दिनों के तापमान को देखा जाये, तो 20 मार्च को अधिकतम तापमान 37.2 व न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं 21 मार्च को अधिकतम 37.7 व न्यूनतम 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा. 22 मार्च को अधिकतम 38.8 व न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री, 23 मार्च को अधिकतम 38.6 अधिकतम व न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री तथा 24 मार्च को अधिकतम तापमान 37.9 व न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा.





