
घाटशिला : गालुडीह कस्तूरबा बालिका विद्यालय में नामांकन को लेकर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी केशव प्रसाद की अध्यक्षता में बैठक हुई. इस बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस अभिनव, नवनियुक्त परीक्षमान उप समाहर्ता चंचला कुमारी ,कस्तूरबा की वार्डन, कल्याण पर्यवेक्षक बबलू कुमार सोरेन उपस्थित थे. इस दौरान नामांकन हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी ने महत्वपूर्ण दिश निर्देश दिए. प्रखंड अंतर्गत कुल प्राप्त 344 आवेदनों में से 75 बालिकाओं का अनुशंसित सूची नामांकन हेतु जिला को प्रेषित किया जाना है. इसमें निर्देश दिया गया कि प्राथमिकता के तौर पर आदिम जनजाति, सिंगल पैरंट्स ,अनाथ वर्ग, दिव्यांग बालिकाओं को स्थान दिया जाना है. कुल प्राप्त आवेदनों में 18 आवेदन सबर बालिकाओं का प्राप्त हुआ है. इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि जितने भी अनाथ, सिंगल पेरेंट्स, आदिम जनजाति वर्ग के बालिकाएं, उनका वांछित प्रमाण पत्र बनाने में सहयोग करें.

इस दौरान सभी पंचायतों में दावा आपत्ति हेतु अनुशंसित सूची को लगा दिया जाना है ताकि यदि किसी भी व्यक्ति को कोई भी आपत्ति,अनुशंसित सूची को लेकर हो तो वह पंचायत मंडप के शिकायत पेटी में डाल सकता है. यह देखा जाता है कि नामांकन के पश्चात व्यक्तियों द्वारा शिकायत की जाती है की दिशा निर्देशों के अनुरूप नामांकन नहीं हुआ. अतः अनुशंसित सूची को दावा आपत्ति हेतु पंचायत मंडप में पूर्व ही लगा दिया जाए.विद्यालय वार्डन को निर्देश दिया गया कि विद्यालय में पढ़ने वाले सभी दिव्यांग बालिकाओं की दिव्यंगता प्रमाण पत्र हेतु सिविल सर्जन कार्यालय में पत्राचार किया जाय की वे अगला तिथि बता दें की किस तिथि को समिति की बैठक होगी ताकि उस तिथि को कस्तूरबा के सभी दिव्यांग बालिकाओं को जिला ले जाकर समिति के समक्ष दिव्यांग प्रमाण पत्र बना लिया जाए ताकि, भविष्य में कोई परेशानी ना हो.
इस दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि ड्रॉपआउट सूची में जो भी बालिकाएं हैं उसमें 2020 या उससे पूर्व की बालिकाओं को प्राथमिकता दी जाय. बीडीओ ने निर्देश दिया कि भविष्य में कभी भी जमा किए गए आवेदनों की जांच के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि प्रमाण पत्रो में पाई जाती है जैसे जाली प्रमाण पत्र या दस्तावेज या कोई भी गलत जानकारी या ऐसे कोई भी त्रुटि जो नामांकन हेतु जारी दिशा निर्देशों के विरुद्ध हो तो ऐसे आवेदनों को रद्द कर दिया जाएगा और इसकी सम्पूर्ण जबाबदेही अभिभावक की होगी. इस दौरान कस्तूरबा विद्यालय के अन्य शिक्षक भी उपस्थित थे. बैठक के पश्चात बीडीओ ने विद्यालय की नौंवी कक्षा की छात्रा सपना मांडी को उत्कृष्ट पेंटिंग कार्य के लिए उसे पेंटिंग किट देकर पुरस्कृत किया. अवसर पर बीडीओ ने कहा कि सपना मांडी को पेंटिंग हेतु थीम दिया जाएगा जिस पर उन्हें पेंटिंग बनानी होगी. उक्त पेंटिंग को कोलाज बनाकर प्रखंड कार्यालय के दीवार पर लगाये जाएंगे ताकि अन्य छात्राओं की भी मनोबल बढ़ेगा और उनमें भी उत्कृष्ट कार्य करने की भावना प्रेरित होगी.




