
जमशेदपुर : आगजनी की घटना से बचाव के लिए टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में शनिवार को अग्निशमन विभाग के द्वारा रिहर्सल किया गया. इस दौरान घटना के समय सुरक्षा के लिए कौन-कौन से उठाए जाने है इस जानकारी भी साझा की गई. आगजनी की घटना के प्रति सतर्कता, जागरूकता और सुरक्षा को लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में बचाव के लिए रिहर्सल किया गया. इस दौरान आग लग जाने के बाद किस तरह से उस पर काबू पाना है इसे लेकर झारखंड अग्निशमन विभाग व रेलवे के सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों और जवानों द्वारा रिहर्सल करते हुए कई टिप्स दिए गए. वहीं रिहर्सल में अग्निशमन विभाग, रेलवे सिविल डिफेंस, आरपीएफ के पदाधिकारी व जवान समेत रेल प्रबंधन के कई पदाधिकारी व कर्मचारी शामिल थे, जिन्होंने आग से बचाव के लिए सुरक्षात्मक उपाय को समझा और जाना. इस संबंध में एरिया रेल मैनेजर विनोद कुमार ने बताया कि फायर सेफ्टी के उद्देश्य से टाटानगर रेल परिसर में मॉकड्रिल किया गया, जितने भी कर्मचारी हैं उन्हें किस प्रकार से अपने कार्य क्षेत्र और घर पर आगजनी की घटना से बचाव करना है अग्निशमन विभाग और रेलवे सिविल डिफेंस के द्वारा उन्हें जानकारी दी गई. साथ ही उन्होंने बताया कि रेल प्रबंधन द्वारा समय-समय पर फायर सेफ्टी के उद्देश्य से समीक्षा की जाती है कि सारे उपकरण सही सलामत हैं या फिर उस में कुछ बदलाव करना है, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटा जा सके.















