
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला में कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक बार फिर लोगों की सुरक्षा के लिए सख्ती से एहतियात बरतने की तैयारी कर ली गई है. इसी के मद्देनजर जगन्नाथपुर अनुमंडलाधिकारी शंकर एक्का ने भी अनुमंडल क्षेत्र में कोरोना से बचाने के लिए सख्ती बरतने का योजना बना ली है। इस सबंध में अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों के साथ मास्क चेकिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है तथा भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने के लिए धारा 144 लगाने की भी तैयारी कर ली है. यदि इसके बाद भी लोग और दुकानदार सरकार के अदेशों का पालन नहीं करते हैं तो आईपीसी धारा 188 के तहत कठोर कार्रवाई करेगी. इस सबंध में जगन्नाथपुर एसडीओ शंकर एक्का ने बताया कि सभी दुकानदार मास्क पहन कर अपनी दुकान में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कारोबार करें. आने-जाने व स्थानीय लोगों से भी अपील की गयी है कि मास्क पहन कर ही घर से निकलें. भीड़-भाड़ में जाने से बचें और कोरोना से बचाव के लिए जो भी सरकार के द्वारा निर्देश जारी किये गये हैं, उसका पालन करें. यदि बगैर मास्क के घूमते पकड़े गए तो कार्रवाई होगी. साथ ही यह भी कहा गया है कि यह लोगों की सुरक्षा के लिए एहतियात बरती जा रही हैं. इसलिए जिला प्रशासन का सहयोग करें और मास्क पहनकर कोरोना जैसी महामारी से बचें. यह बताया गया कि मास्क चेकिंग अभियान वृहत पैमाने पर चलाया जायेगा और बिना मास्क के पकड़े गये तो जुर्माना भी वसूला जायेगा.






