
चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की वीरदोह पंचायत के शांतिनगर चौक पर सोमवार देर रात्रि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने स्विच दबाकर हाई मास्ट का उदघाटन किया. विदित हो कि शांतिनगर चौक में लाइट के नही रहने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. ग्रामीण लगातार हाई मास्ट लाइट की मांग कर रहे थे, ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने चौक पर लाइट लगवाने की अनुशंसा की थी. मौके पर सांसद ने कहा कि अगले कुछ दिनों में सभी चौक-चौराहों में इस तरह की लाइट लगेंगे, जिससे ग्रामीणों को रास्ते मे आने जाने में और राहगीरों को सहूलियत होगी. मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष सरोज महापात्रा, सुशील शर्मा, जिला पार्षद जगन्नाथ महतो,मंडल अध्यक्ष शतदल महतो, मुखिया विश्वनाथ हांसदा, मनोरंजन महतो, त्रिलोचन राणा, चंदन महतो, पिंटु सिंह, राजेश सिंह, तारक महतो समेत अन्य उपस्थित थे.
सांसद ने कई गांव का दौरा कर हरिनाम संकीर्तन में हुए शामिल

सोमवार देर रात्रि सांसद विद्युत वरण महतो चाकुलिया प्रखंड की चालुनिया पंचायत के कांटाबनी गांव में आयोजित हरिनाम संकीर्तन में शामिल हुए. सांसद ने राधा -कृष्ण की पूजा कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. पूजा करने के पश्चात सांसद ने ग्रामीणों के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया. इसके पश्चात कालापाथर गांव और बहरागोड़ा प्रखंड के पंखिशोल गांव में आयोजित हरिनाम संकीर्तन में शामिल हुए. मौके पर चंदन महतो, जिप सदस्य शिवचरण हांसदा, चिन्मय नायक, पिंटु सिंह, राजेश सिंह, देवदत्त मंडल, हराधन मंडल, सपन मंडल समेत अन्य उपस्थित थे.




