
जमशेदपुरः जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत साकची जेल परिसर में हाजत बंदी यश शर्मा ने आत्महत्या का प्रयास किया. इधर परिसर में मौजूद पुलिस कर्मियों ने किसी तरह उसे फंदे से उतारा और आनन- फानन में उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर गए जहां वह फर्श पर ही तड़पता रहा. इधर सूचना पाकर यश के परिजन भी एमजीएम पहुंचे और पुलिस कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया. यश पर बीते दिनों ही छेड़खानी के बाद मारपीट का आरोप लगा था जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रविवार को ही न्यायिक हिरासत में रखा भेजा था. साकची क्वारंटीन जेल में उसे रखा गया था.
परिजनों ने बताया कि वे लोग यश को समान पहुंचाने गए थे. वहां पहुंचे तो देखा की यश को पुलिस कर्मी केहूनी से मारते हुए लेकर जा रहे है. उसके गले में भी फंदे का निशान है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने ही उसे मारा है. इधर जेल अधीक्षक नरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि यश जेल परिसर स्थित शौचालय में गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास कर रहा था. पुलिस कर्मियों ने उसे देखा और फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. उन्होंने कहा कि यश के खिलाफ साकची थाना में मामला दर्ज कराया जायेगा और विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी



