
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं की स्थिति पर विचार करने के लिए विधायक सरयू राय ने टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर (पहले जुस्को) और जमशेदपुर अक्षेस के अधिकारियों की एक बैठक जमशेदपुर सर्किट हाउस में की. बैठक में जुस्को के महाप्रबंधक कैप्टन धनंजय मिश्रा एवं जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्णा कुमार अपने सहयोगी पदाधिकारियों के साथ उपस्थित हुए. उन्होंने जुस्को को पानी, बिजली, सफाई, जल जमाव आदि से संबंधित 125 समस्याओं की सूची जुस्को को उपलब्ध कराया है. विचारणीय विषय में भुइयांडीह ब्राह्मण टोला से जल जमाव दूर करने तथा छायानगर से बाबूडीह लालभट्टा तक की विभिन्न बस्तियों में पीने का पानी उपलब्ध कराने और मोहरदा जलापूर्ति योजना का सुदृढ़ीकरण कारण करने एवं केबुल टाउन में पानी और बिजली का कनेक्शन शीघ्र करने पर प्राथमिकता के साथ विचार हुआ. जुस्को प्रबंधक ने आश्वस्त किया कि उनके अभियंताओं ने ब्राह्मण टोला को जल जमाव से मुक्त करने का योजना बना लिया है, जिसमें नाबदान बनाकर मोटर से पानी को लगातार पानी को बाहर ले जाने का काम किया जाएगा. उन्होंने ये भी बताया कि छायानगर से लालभट्टा के बीच कल्याणनगर, किशोरीनगर आदि में जलापूर्ति की संरचना स्थापित करने तथा घरों तक पानी का कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरु हो गया है. बाबुडीह, लालभट्टा आदि क्षेत्रों में जलापूर्ति के लिए पाइप बिछाने के लिए सर्वे का काम पूरा हो गया है. शीघ्र ही इस पर काम शुरू होगा. इसके अतिरिक्त रामाधीन बागान, मनीफीट, ग्वाला बस्ती (तार कंपनी), जेम्को आजाद बस्ती, मिश्रा बागान में पानी का कनेक्शन देने का काम जारी है. नामदा बस्ती, जयसिंह बागान, आदर्श नगर, महानंद बस्ती, केबुल टाउन, कैरेज कॉलोनी, बर्मामाइन्स, संतोषी माता मंदिर के सामने, भक्ति नगर, जेपी नगर, इंद्रानगर (भालूबासा) आदि क्षेत्रों में कनेक्शन देने का काम शुरू हो गया है. इसके अतिरिक्त इंद्रानगर सहित विभिन्न बस्तियों में बिजली देने का काम भी जारी है. मोहरदा जलापूर्ति योजना को सुदृढ़ीकरण करने के लिए विधायक सरयू राय से आग्रह किया कि वे सरकार से बकाया राशि का भुगतान करवाने का निवेदन करेंगे. जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में फैक्ट्रियों से निकलने और बस्तियों से होकर नदी में जाने वाले बड़े नालों की स्थिति बेहतर करने पर भी बैठक में सहमति बनी. श्री राय ने कहा कि जुस्को और जेएनएसी क्षेत्रों में समस्या का अंबार लगा हुआ है. इसे दूर करने के लिए दोनों को सक्रिय होना होगा और एक टाइम लाइन के आधार पर बस्तियों की समस्या दूर करने में प्रगति दिखानी होगी. इन्होंने कहा कि जन सुविधाएं जहां तक पहुंची है वहां सुविधाओं को बेहतर बनाने और जहां नहीं पहुची है वहां सुविधाओं को पहुंचाने के लिए जुस्को और जेएनएसी को योजनाबद्ध़ तरीके से काम करना होगा. प्रत्येक महीने जुस्को एवं जेएनएसी के पदााधिकारी को बैठक कर प्रगति की समीक्षा करेंगे तभी ये लक्ष्य पूर्ण होगा.















