
जमशेदपुरः कोरोना वायरस का संक्रमण पूरे देश में तेजी से बढ़ता जा रहा है. इसको रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन से लेकर सरकार जद्दोजहद कर रही है. इसके बावजूद लोग है कि लापरवाही से बाज नहीं आ रहे है.राज्य में मास्क को लेकर विगत दिनों पूरे राज्य में मास्क जांच चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान सार्वजनिक स्थल पर बिना मास्क पहनने वालों में जमशेदपुर के लोग पहले स्थान पर रहे है. दिन भर में राज्य में बिना मास्क के 14175 लोग पकडे गए. इनमें से 4685 लोग जमशेदपुर है. इसी तरह गिरिडीह, पलामू व गढ़वा में एक भी व्यक्ति बिना मास्क का नही मिला. चेकिंग के दौरान राज्य में विभिन्न जगहों पर कुल 23 दुकानों को सील किया गया. साथ ही तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी.पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान कुल दो लाख 68 हजार 150 रुपये का जुर्माना भी वसूला.पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसएसपी-एसपी को आदेश दिया है कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सार्वजनिक स्थान पर विशेष चेकिंग अभियान प्रतिदिन चलाया जाएगा. कोविड-19 को लेकर केंद्र सरकार से जारी दिशा-निर्देश का अनुपालन कराने के बिंदु पर ही दो दिन पूर्व डीजीपी नीरज सिन्हा ने सभी जिलों के एसएसपी-एसपी, रेंज डीआइजी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की थी.













