
जमशेदपुर : लोक आस्था का महापर्व चैती छठ व्रत के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने खरना पूजा की. इसी के साथ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया. कोरोना व लॉकडाउन के कारण पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की कोई भीड़ व्रतियों के यहां नहीं देखी गई. इससे पूर्व शुक्रवार को व्रतियों ने नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ किया था. कोरोना के कारण इस बार चैती छठ को लेकर उत्साह अपेक्षाकृत कम देखा जा रहा है. रविवार को छठव्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे. सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा.











