
आदित्यपुर : जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में 18 और 19 अप्रैल को दो दिवसीय विशेष कोरोना वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की गई है. नगर निगम क्षेत्र के लगभग 23 स्थानों पर 2 दिनों में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन दिया जाएगा. इधर अभियान का जायजा लेने जिले के उपायुक्त अरवा राजकमल जिला प्रशासन टीम के साथ विभिन्न बूथों पर पहुंचे. जहां वैक्सीनेशन संबंधित जानकारियां डीसी ने प्राप्त की. आपको बता दें कि कोरोना संक्रमण के भयंकर प्रसार को रोकने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है. प्रशासन द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत 18 और 19 अप्रैल को नगर निगम क्षेत्र में दो दिवसीय विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है. रविवार को निगम क्षेत्र के तकरीबन 23 स्थानों पर 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को नि:शुल्क कोरोना का वैक्सीन दिया गया. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान की जानकारी प्राप्त करने डीसी अरवा राजकमल भी पहुंचे. जहां इन्होंने सबसे पहले गम्हरिया प्रखंड मुख्यालय में एडीसी सुबोध कुमार, बीडीओ ठाकुर गौरी शंकर शर्मा, सीओ मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर टीकाकरण अभियान की समीक्षा की और सफल अभियान संबंधित निर्देश अधिकारियों को दिए. वहीं कोरोना के प्रसार की रोकथाम के उद्देश्य से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अब संक्रमितों के घरों को माइक्रो और मिनी कंटेनमेंट जोन के तौर पर चिन्हित करेगा. उपायुक्त अरवा राजकमल ने बताया, कि वर्तमान में गम्हरिया प्रखंड में 40 से भी अधिक स्थानों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन के रूप में चिन्हित किया गया है. जहां पूरे क्षेत्र को सील ना कर केवल संक्रमित व्यक्ति के घर या कमरे को ही सील किया जा रहा है.













