
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस समय समय पर मानवता की मिसाल पेश करती आई है. पुलिस अपने कर्तव्य से हटकर भी कुछ ऐसे काम करती है जिससे विभाग गौरांवित होता है. ताजा मामला बोड़ाम थाना क्षेत्र का है जहां पदस्थापित एसआई गोपाल कुमार ने डेढ़ माह से अपने घर से गुमशुदा विक्षिप्त महिला को उसके परिजनों से मिलवाने का काम किया है. मामला तब शुरू हुआ जब शनिवार की दोपहर एसआई गोपाल कुमार अपना काम कर वापस थाने जा रहे थे. उन्होंने डिमना डैम के पास एक महिला को भटकते हुए देखा. जब उससे पूछताछ की तो वह कुछ भी बताने में असमर्थ थी. महिला के साथ कुछ गलत न हो इसलिए उन्होंने महिला को अपने साथ बैठाया और थाने ले गए. महिला डरी सहमी सी थी. उसे खाना खिलाया गया और शांति से उससे पूछताछ की गई. पूछताछ में करीबी का नंबर मिला. नंबर पर संपर्क करने पर जानकारी मिली की महिला मूल रूप से पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले की रहने वाली है. जानकारी मिलने पर रविवार तड़के महिला के परिजन थाना पंहुचे. महिला का नाम अफसाना खातून है. वह हावड़ा जिले के डोमजूर थाना क्षेत्र की रहने वाली है. वह बीते 26 अप्रैल से घर से लापता हो गई. परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की पर वह नहीं मिली. पुलिस में भी जानकारी दी गई थी. पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया.



