
जमशेदपुर: स्वास्थय सुरक्षा सप्ताह(लाकडाउन) के दिशा निर्देशों का उल्लंघन कर मॉर्निंग वॉक पर निकल रहे लोगों के विरुद्ध जिला प्रशासन का जांच अभियान शनिवार को भी जारी रहा. एसपी सिटी सुभाष चन्द्र जाट, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नन्द किशोर लाल व डीसीएलआर धालभूम रविन्द्र गागराई ने शहरी के पार्कों व सड़क पर मॉर्निंग वॉक करने निकले लोगों के विरुद्ध जांच अभियान चलाया. इस दौरान मौके पर सरकार के दिशा निर्देशों का उल्लंघन कर मॉर्निंग वॉक करते पकड़े गए लोगों को कड़ी फटकार लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई. पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि लगातार जांच अभियान चलाने व विभिन्न माध्यमों से जागरूक करने के बावजूद लोगों की स्वास्थय के प्रति ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

उन्होंने सख्त हिदायत दिया कि चूंकि कोरोना संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे में प्रसार होने वाली बीमारी है ऐसे में किसी एक की लापरवाही दूसरे पर भारी न पड़े इसे सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन कड़े कदम उठाते रहेगी. सड़क व पार्क में मॉर्निंग वॉक करने निकल रहे लोगों को लगातार हिदायत दी जा रही है कि अपने घर पर रहकर व्यायाम करें, साथ ही छत या घर के आंगन में मॉर्निंग वॉक करें. स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के दिशा निर्देशों में पार्क व ऐसे अन्य सार्वजनिक स्थलों में मॉर्निंग वॉक, व्यायाम की छूट नही है, ऐसे में जिला प्रशासन राज्य सरकार के दिशा निर्देशों के अक्षरश: अनुपालन कराने को लेकर जिला प्रशासन कृतसंकल्पित है.
इधर जमशेदपुर में मिनी लॉकडाउन की अनदेखी कर बेवजह घर से बाहर निकलने वालों को अब प्रशासन काफी सूझ-बूझ के साथ पकड़ने में जुट गई है.

जहां पहले निर्धारित चेक पोस्ट पर पुलिस चेकिंग हो रही थी, वहीं अब उन चेक पोस्ट के बदले पुलिस द्वारा अन्यत्र चेकिंग शुरू कर दी गई है.शनिवार सुबह साकची, बारीडीह, मानगो, एवं धातकीडीह को जोड़ने वाले बाग- ए- जमशेद गोलचक्कर पर पुलिस चेक पॉइइंट नही था , बल्कि चेक पोस्ट 200 मीटर की दूरी बनाए गया था. इसी का फ़ायदा बेवज़ह घूमने वाले लोग उठा रहे थे. लोग उक्त चेक पॉइंट्स से पहले पड़ने वाले सर्विस लेन से घूम कर निकल रहे थे और पुलिस के हत्थे चढ़ने से लगातार बच रहे थे. लेकिन जिला प्रशासन ने इसको भांपते हुए शनिवार से अचानक चेक पॉइंट्स के बदले अन्यत्र चेकिंग शुरू कर दिया जिससे बड़ी संख्या में बेवजह घूमने वाले लोग पकड़ाए और उनपर खुद ट्राफिक डीएसपी ने कार्रवाई की.





