
जादूगोड़ा : यूसिल जादूगोड़ा कॉलोनी इन दिनों हर एक काम के लिए ठेकेदार के भरोसे है। लीपा-पोती का काम कर ठेकेदार यूसिल से लाखों रुपये हजम कर रहे हैं। बता दें कि कुछ महीने पहले ही बनी पुलिया टूटने लगी है, जबकि नालों में अभी से दरार आने लगी है। इस कार्य को लेकर यूसिल ने पीएस कंस्ट्रक्शन को जिम्मेदारी दी थी। यह पूरा कार्य लगभग 15 से 20 लाख की लागत से किया गया है, परंतु बताया जाता है कि पैसे बचने के चक्कर मे इस निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा घटिया सामान का इस्तेमाल किया गया है, जिसका नतीजा अब सामने आ रहा है। हर एक जगह केवल लीपा-पोती का काम कर छोड़ दिया गया है। वहीं परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय एक के सामने हुए निर्माण कार्य में खामियां अब सामने आ रही हैं। कुछ पुलिया टूट रही हैं तो नालों में भी दरार आकर अभी से दरकने लगी है। वहीं इस बारे में कॉलोनी के लोगों ने बताया कि इस कार्य में खराब ईंट व रद्दी बालू का इस्तेमाल किया गया था, जिस कारण कुछ ही महीनों में इनका बुरा हाल है।












