
जमशेदपुर : प्राउटिस्ट ब्लॉक इंण्डिया (पीबीआई) जो कि प्रउत नीति पर आधारित एक राजनीतिक पार्टी है, के जमशेदपुर (झारखंड) इकाई द्वारा जरूरतमन्दों एवं बेरोजगारों को राशन-पानी मुहैया कराते हुए उनके स्वरोजगार का बीड़ा प्रारम्भिक तौर पर उठाया गया है। इसके लिए टेल्को डंप यार्ड के 11 परिवारों का चयन किया गया है, जिन्हें 15 दिन का तात्कालिक राशन उपल्ब्ध कराते हुए उनके परिवार का शैक्षिक, आर्थिक हालात का पूर्ण विवरण लेते हुए उनके लिए तत्काल स्वरोजगार की व्यवस्था की जा रही है। तत्काल स्वरोजगार के रूप में हर एक परिवार को 50-50 मास्क विक्रय के लिे दिया गया है। इसका रिव्यू करते हुए आगे और भी आर्थिक कमाई के संसाधन दिए जाएंगे। उन्हें परिचय पत्र के साथ पंपलेट भी उपलब्ध कराया गया है। इससे भविष्य में पूर्ण रूपेण वे अपने पैरों पर खड़ा हो सकते हैं और समाज में सम्मान पूर्वक जी सकते हैं। (नीचे भी पढ़ें)

प्रउत प्रणेता प्रभात रंजन के अनुसार किसी को भी सिर्फ मदद करके उसकी न्यूनतम आवश्यकता की पूर्ति करना उचित नहीं है। उसे स्वावलम्बी बनाना है। किसी को भी 2-4 टाइम का भोजन दे देने से उसके और उसके परिवार का स्थायी समाधान नहीं हो जाता। यदि कोई ऐसी सेवा कर रहा है तो प्रउत कार्यकर्ता को वहां जाकर उनके परिवार के हालात का सर्वे करना होगा और प्रउत नीति आधारित यथासंभव व्यवस्था देनी होगी। इस शुरुआत का बीड़ा जिन लोगों ने उठाया उनमें प्राउटिस्ट ब्लॉक इंडिया के कार्यकर्ता धर्मेंद्र सिन्हा, जितेंद्र सिंह, गोपाल, प्रतिमा, कंचन, तनु, अजय सिन्हा, अविनाश त्रिपाठी उपस्थित थे। प्रभात रंजन ने कहा है कि प्राउटिस्ट ब्लॉक इंडिया की जमशेदपुर इकाई महामारी के दौरान बेरोजगारों एवं जरूरतमंदों की मदद के लिए सदा तत्पर है।












