
जमशेदपुर : एक तो कोविड के प्रकोप से जमशेदपुर के लोग आक्रांत हैं, उस पर इस भीषण गर्मी में शहर की कई बस्तियों में पानी की किल्लत से लोग जूझ रहे हैं. इस समस्या को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचा. वहां मोर्चा की ओर से उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंप कर इस समस्या से अवगत कराया गया है. मोर्चा की ओर से बताया गया है कि ग्रामीण क्षेत्र गदड़ा, राहरगोड़ा, बारीगोड़ा, सरजामदा, परसुडीह से लेकर बागबेड़ा व जुगसलाई तक जलापूर्ति पिछले 10 दिनों से बाधित है. इस कारण लोगों के समक्ष संकटपूर्ण स्थिति बनी हुई है. इन क्षेत्रों में करीब दो-ढाई लाख लोग निवास करते हैं. बावजूद जलापूर्ति विभाग की ओर से इस समस्या से निपटने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. अत: विभाग को विशेष निर्देश दिया जाये, कि लगातार बार-बार पाइप क्षतिग्रस्त होने एवं अन्य कारणों से जलापूर्ति बाधित होने के कारण अविलंब मरम्मत की दिशा में कदम उठाया जाये. प्रतिनिधिमंडल में मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विमल बैठा समेत अन्य लोग शामिल थे.



