
चाईबासा : जिला प्रशासन और अंजुमन इस्लामिया के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बड़ी बाजार स्थित उर्दू लाइब्रेरी सभागार में कोरोना टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि चाईबासा के विधायक दीपक बिरुवा, विशिष्ट अतिथि उप विकास आयुक्त संदीप बक्शी व प्रभारी एडीसी एजाज अनवर ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया। इस अवसर पर विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि कोरोना से बचाव का एक ही उपाय है टीकाकरण। उन्होंने सभी लोगों से टीकाकरण कराते हुए अपना और अपनों की जिंदगी बचाने का आह्वान किया। शिविर में डॉ जगन्नाथ हेंब्रम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रजिस्ट्रेशन के साथ टीकाकरण किया। शिविर के आयोजन में अंजुमन इस्लामिया चाईबासा के अध्यक्ष खलीलुर्रहमान, उपाध्यक्ष अख्तर रूमानी, सचिव फैयाज खान, सहसचिव इकबाल अहमद, कोषाध्यक्ष मो वसी समेत अन्य लोगों की सराहनीय भूमिका रही।






