
रांची : झारखंड में लॉकडाउन से लोगों को राहत मिल सकती है. वीकेंड लॉकडाउन से भी लोगों को राहत मिल सकती है. वीकेंड लॉकडाउन समेत तमाम मसलों को लेकर गुरुवार को अहम बैठक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बुलायी गयी है. गुरुवार को शाम 4 बजे से रांची के प्रोजेक्ट भवन में यह बैठक बुलायी गयी है. इसकी अध्यक्षता राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे जबकि प्राधिकार के उपाध्यक्ष स्वास्थ्य व आपदा मंत्री बन्ना गुप्ता भी उपस्थित रहेंगे. इस बैटक में कोरोना संक्रमण के हालात पर चर्चा की जायेगी. इससे पहले सप्ताह में भी यह बैठक होने वाली थी, लेकिन किसी कारण से यह बैठक नहीं हो पायी थी. अब एक बार फिर से गुरुवार को बैठक बुलायी गयी है. आपको बता दें कि अभी कोरोना के केस में काफी कमी आयी है और फिर भी रात को आठ बजे के बाद लॉकडाउन ही रह रहा है जबकि हर रविवार को साप्ताहिक वीकेंड लॉकडाउन कर दिया गया है. इससे कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. दुकानों को चला पाना मुश्किल हो रहा है. इस कारण अब राज्य सरकार एक बार फिर से राहत देने की कोशिश कर रही है और सबकुछ सामान्य तरीके से संचालित हो, इसके लिए नया गाइडलाइन जारी कर सकती है.






