
जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत आवासीय बोर्ड कॉलोनी निवासी युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अब पीड़िता को केस उठाने की धमकी दी जा रही है. पीड़िता के घर के बाहर कुछ असामाजिक तत्व तोड़फोड़ कर रहे है. अब उसे घर वालो की जान का डर सताने लगा है. इसको लेकर वह शुक्रवार को एसएसपी से मिलने पहुंची और अपने परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की. पीड़िता ने बताया कि उसके द्वारा पुलिस कर्मी के नाबालिग बेटे और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद अब उसके घर के बाहर 10 से 15 की संख्या में कुछ असामाजिक तत्व जमा होकर केस उठाने की धमकी दे रहे है. उन्होंने उसके घर की खिड़की भी तोड़ दी है. वहीं आरोपी उसे वीडियो कॉल कर रहा और और उसे अज्ञात नंबरों से फोन आ रहे है. उसने कहा कि वह पीछे नहीं हटेगी और ना ही केस उठाएगी. वह इसको लेकर लड़ेगी पर उसे उसके परिजनों के जान का खतरा बना हुआ है. बता दे कि बीते दिनों पुलिसकर्मी के नाबालिग बेटे पर आरोप लगा था कि उसने युवती के घर पर घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया है. वहीं इस मामले को दबाने के लिए अन्य लोगो ने उस पर दबाव डाला और सबूत भी मिटा दिए. फिलहाल पुलिस की नजर में अब भी सभी फरार है.





